ग्रेटर नोएडा , मई 13 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा स्थित नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे से जून में प्रस्तावित उड़ानों के लिए ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया शुरू हो गयी है।

हवाईअड्डा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) द्वारा बुधवार को एक स्क्रीनशॉट साझा करते हुए यह जानकारी दी।

सीईओ ने आज सुबह बताया कि, नोएडा से लखनऊ और लखनऊ से नोएडा के बीच पहली वाणिज्यिक उड़ान का संचालन इंडिगो द्वारा किया जाएगा। इसके साथ ही यात्रियों के लिए ऑनलाइन प्री-बुकिंग हेतु प्लेटफॉर्म भी निर्धारित कर दिया गया है, जिससे लोग शुरुआती चरण में ही टिकट आरक्षित कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि हवाईअड्डा संचालन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और संबंधित एजेंसियां तकनीकी एवं सुरक्षा मानकों को पूरा करने में जुटी हुई हैं। हवाईअड्डे से उड़ान सेवाएं शुरू होने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। खासतौर पर नोएडा, ग्रेटर नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा और आगरा क्षेत्र के लोगों के लिए यात्रा अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।

शुरुआती चरण में घरेलू उड़ानों का संचालन किया जाएगा, जिसमें लखनऊ जैसे प्रमुख शहरों को प्राथमिकता दी गई है। आगे चलकर अन्य महानगरों और अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए भी उड़ान सेवाएं शुरू करने की योजना है।

हवाईअड्डा प्रशासन का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग शुरू होने से यात्रियों में उत्साह बढ़ा है और आगामी दिनों में अन्य रूट्स की जानकारी भी साझा की जाएगी। नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा के शुरू होने को उत्तर प्रदेश के विमानन क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित