नोएडा , अप्रैल 01 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नयी पुलिस लाइन बनायी जाएगी।

यह परियोजना अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे की संवेदनशीलता को देखते हुए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। प्रस्ताव के तहत लगभग दस हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस पुलिस लाइन विकसित की जाएगी।

हवाईअड्डा एवं सुरक्षा एजेन्सी तथा पुलिस अधिकारियों के व्यापक स्तर के अधिकारियों द्वारा बैठक में यह निर्णय लिया गया।

यह जानकारी बुधवार को साझा की गई। दरअसल वर्तमान में जो पुलिस लाइन मौजूद है, वह हवाईअड्डा स्थल से करीब पचपन किलोमीटर दूर स्थित है। इतनी दूरी होने के कारण किसी भी आपात स्थिति में पुलिस बल को मौके तक पहुंचने में देरी होती थी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग ने हवाईअड्डे के नजदीक नई पुलिस लाइन स्थापित करने की योजना तैयार की है।

हवाईअड्डे के आसपास सुरक्षा को लेकर पांच नई पुलिस चौकियां और दो नए थाने (अंतरराष्ट्रीय व घरेलु) भी स्थापित किए जा रहे हैं।

अधिकारियों का मानना है कि इससे न केवल एयरपोर्ट की सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी कानून-व्यवस्था बेहतर होगी।

प्रस्तावित पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों के लिए आधुनिक बैरक, प्रशासनिक कार्यालय, कंट्रोल रूम और प्रशिक्षण केंद्र विकसित किए जाएंगे। साथ ही इसे अत्याधुनिक उपकरणों और संसाधनों से लैस किया जाएगा, ताकि एयरपोर्ट सुरक्षा के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित पुलिस बल तैयार किया जा सके।

गौरतलब है कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के संचालन से पहले ही सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद करने पर जोर दिया जा रहा है।

पुलिस विभाग के अनुसार, इस नई व्यवस्था से न केवल अपराध नियंत्रण में तेजी आएगी, बल्कि आपदा प्रबंधन और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित