नोएडा , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश में मध्य नोएडा जोन के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के अंतर्गत छिजारसी कॉलोनी में बुधवार को 11 हजार केवी की हाईटेंशन बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर गिर गया। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गये, जबकि एक स्कूटी में आग लग गयी।
पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-63 थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
घायलों की पहचान छिजारसी कॉलोनी (थाना सेक्टर-63, गौतमबुद्धनगर) निवासी निधि (15 वर्ष), प्रिया (17 वर्ष), मुकेश राम (38 वर्ष), पवित्र (41 वर्ष) और रवि चौधरी के रूप में हुई है। इनमें से रवि चौधरी की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य चार की स्थिति सामान्य है। हादसे के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक स्कूटी में भी आग लग गयी थी, जिस पर बाद में काबू पा लिया गया।
स्थानीय पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों को सूचना देकर क्षतिग्रस्त लाइन को सुरक्षित कराया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित