नॉर्थैंप्टन , अगस्त 03 -- युजवेंद्र चहल के (चार विकेट) और ऑलराउंडर गस मिलर (115) की शानदार शतक पारी की बदौलत नॉर्थैंप्टनशायर ने मेट्रो बैंक वन-डे कप मुकाबले में लैंकशायर पर 67 रन से जीत दर्ज की। चहल इस सीजन में पांच वनडे कप मैचों में 10 विकेट ले चुके हैं। लैंकशायर के खराब क्षेत्ररक्षण का फायदा उठाते हुए मेजबान टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 347/6 का बड़ा स्कोर खड़ा किया। मिलर ने आदि शर्मा (61) के साथ 25 ओवर में 153 रन की साझेदारी की, जबकि कप्तान नैथन मक्स्वीनी ने भी 78 रन बनाए।
इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए मार्कस हैरिस ने 57 रन बनाए और रॉकी फ्लिंटॉफ के साथ 85 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी के टूट्ने के बाद शानदार फॉर्म में चल रहे 17 वर्षीय जो मूर्स ने लगभग अकेले दम पर मैच पलटने की कोशिश की। बढ़ते रन रेट के बावजूद उन्होंने केवल 59 गेंदों में बेहतरीन 85 रन बनाए, लेकिन एक बड़ी गलतफहमी के कारण रन आउट हो गए।
जमकर खेल रहे हैरिस, चहल की गेंद पर शानदार अंदाज में आउट हुए, जब राफेल वेदरॉल ने लॉन्ग ऑन बाउंड्री पर उनका एक बेहतरीन कैच लपका। वहीं दूसरी ओर मिले जीवनदान का फ़ायदा उठाते हुए मूर्स ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने कुछ जोखिम भरे शॉट भी खेले और आगे बढ़कर चहल को मिडविकेट के ऊपर से छक्का लगाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित