बैतूल , सितंबर 08 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सख्ती दिखाई है। उन्होंने शाहपुर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को नोटिस जारी करने तथा नॉन-अटेंड शिकायतों की संख्या के आधार पर प्रति शिकायत अवैतनिक करने के निर्देश दिए हैं। वहीं भीमपुर जनपद पंचायत के सीईओ के कार्य में लापरवाही पाए जाने पर वेतन वृद्धि रोकने संबंधी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्ट्रेट में सोमवार को आयोजित समयसीमा बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का गंभीरता और संतुष्टिपूर्वक निराकरण किया जाए। अंतर्विभागीय शिकायतों का समाधान आपसी समन्वय से सुनिश्चित किया जाए और समन्वय के अभाव में कोई शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों को नॉन-अटेंड नहीं रहने देने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ गणेश जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने जल संसाधन, जनजातीय कार्य, लोक निर्माण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की समीक्षा की। राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान मुलताई, आमला, प्रभात पट्टन और भैंसदेही तहसीलदारों को प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने 50 दिन से अधिक समय से लंबित प्राथमिकता वाली शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने को कहा। बैतूल ग्रामीण तहसीलदार के बेहतर प्रदर्शन की सराहना करते हुए आमला और भीमपुर तहसील को सुधार के निर्देश दिए।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा में चिचोली, भैंसदेही और भीमपुर जनपद क्षेत्रों की लंबित शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। लोक सेवा गारंटी के तहत नामांतरण प्रकरण समयसीमा से बाहर जाने पर चिचोली और आठनेर तहसीलदारों पर पेनाल्टी लगाने के निर्देश भी दिए गए।
शिक्षा संजीवनी अभियान के तहत स्कूलों की अधोसंरचना, बिजली, पेयजल, शौचालय और मरम्मत कार्यों की समीक्षा की गई। सभी सांदीपनि विद्यालयों और छात्रावासों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा छात्रावासों में केंद्रीकृत ऑनलाइन निगरानी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था में स्थानीय लोगों को जोड़कर सुरक्षा समितियां गठित करने को भी कहा गया।
कलेक्टर ने बताया कि अब प्रत्येक बुधवार को ब्लॉक स्तर पर समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी। इनमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास के निर्माण कार्यों के साथ श्रम, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय और शिक्षा विभाग की योजनाओं की समीक्षा होगी। बैठकों में मैदानी अमले के पटवारी, पंचायत सचिव, आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता तथा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान जल संरक्षण, रक्तदान, नशामुक्ति, 'सरकार आपके द्वार', नुक्कड़ नाटक, प्रदर्शनी और अन्य जनसेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित