प्रयागराज , फरवरी 7 -- उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा में प्रयागराज के केंद्रीय कारागार नैनी के तीन बंदी इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होंगे। यह परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित होगी। शासन द्वारा इन बंदियों का परीक्षा केंद्र बांदा जिला जेल निर्धारित किया गया है।
जेल प्रशासन के अनुसार नैनी केंद्रीय कारागार में करीब दो हजार बंदियों की क्षमता है और शासन के निर्देशानुसार बंदियों को शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। बोर्ड और स्नातक स्तर की परीक्षाओं में शामिल होने वाले बंदियों को पाठ्य सामग्री और अन्य आवश्यक सहयोग दिया जाता है। इसी क्रम में तीन बंदियों ने इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए आवेदन किया था।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक विजय विक्रम सिंह ने बताया कि परीक्षा की तैयारी के लिए बंदियों को आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। परीक्षा के दौरान उन्हें बांदा जेल भेजा जाएगा। इसके अलावा कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, महोबा और हमीरपुर की जेलों में निरुद्ध बंदियों की परीक्षाएं भी बांदा जेल केंद्र पर आयोजित की जाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित