नैनीताल , जून 28 -- उत्तराखंड के नैनीताल में मोहर्रम जुलूस के दौरान निर्धारित शर्तों और समय सीमा का उल्लंघन करने पर नैनीताल पुलिस ने सख्त संदेश देते हुए आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डाॅ. मंजूनाथ टीसी के अनुसार मोहर्रम जुलूस से पूर्व आयोजित बैठक में पुलिस और प्रशासन ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ सहमति बनाते हुए जुलूस की समय सीमा रात नौ बजे तक निर्धारित की थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद आयोजकों ने निर्धारित समय के बाद भी जुलूस जारी रखा, जिससे शहर में लंबे समय तक यातायात बाधित रहा। देर रात तक जुलूस निकाले जाने से शहर की कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उन्होंने बताया कि इस मामले में मल्लीताल पुलिस ने आयोजकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 223, 285 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि नैनीताल एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, इसलिए यहां किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित