नैनीताल , सितंबर 26 -- उत्तराखंड के नैनीताल में भू-कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए कुल 1.822 हेक्टेयर भूमि राज्य सरकार में निहित कर दी है।

उपजिलाधिकारी नवाज़िश खलिक ने बताया कि राजस्व अभिलेखों एवं जांच में पाया गया कि ग्राम कमड़ा तथा ग्राम शीतला (पट्टी मल्ली कुटौली) में विभिन्न व्यक्तियों द्वारा धार्मिक प्रयोजन के लिए कुल 1.562 हेक्टेयर भूमि क्रय की गई थी लेकिन निरीक्षण में पाया गया कि मौके पर कोई भी धार्मिक गतिविधि संचालित नहीं हो रही थी और भूमि खाली पड़ी मिली।

इसी प्रकार ग्राम सतबूंगा में भी कृषि प्रयोजन के लिए क्रय की गई 0.260 हेक्टेयर भूमि का कृषि कार्य में उपयोग नहीं हो रहा था तथा भूमि बंजर अवस्था में पाई गई। उन्होंने बताया कि संबंधित पक्षों को अपना पक्ष रखने तथा सुनवाई का पर्याप्त अवसर दिया गया लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया।

उन्होंने बताया कि कुल मिलाकर उपजिलाधिकारी न्यायालय, नैनीताल ने सात मामलों में कुल 1.822 हेक्टेयर भूमि को राज्य सरकार में निहित किए जाने के आदेश दे दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित