नैनीताल , मई 21 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिला मुख्यालय से दस किमी दूर भवाली में एक सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी। इनमें चार लोग एक ही परिवार के हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश नंबर की एक महिंद्रा कार सेनिटोरियम-रातीघाट बाईपास मार्ग पर ढेला गांव के पास अनियंत्रित हो कर गहरी खाई में जा गिरी। कार में चालक समेत पांच लोग सवार थे।

बताया जा रहा है कि पांचों की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतकों में एक ही परिवार के चार लोग शामिल हैं। मृतकों की पहचान भूपेन्द्र सिंह चुफाल, उनकी पत्नी सीमा कैड़ा चुफाल, पुत्र वासु चुफाल (19) और पुत्री सवी (12) के रूप में हुई है। इसके साथ ही वाहन चालक अनुज कुमार मिश्रा निवासी अफसर नगर, एलपीली गोदाम, आलम नगर, लखनऊ की भी दुर्घटना में मौत हो गयी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डाॅ. मंजूनाथ टीसी के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (अपराध) जगदीश चंद्रा और क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल के नेतृत्व में भवाली पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) की टीमों को मौके के लिए रवाना किया गया। स्थानीय लोगों की सहायता से राहत और बचाव कार्य चलाया गया।

दुर्घटना की सूचना सर्वप्रथम स्थानीय ग्रामीणों को मिली और प्रधान नीमा बिष्ट की ओर से पुलिस को इसकी सूचना दी गयी। इस दुर्घटना में वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। सभी शवों को खाई से बाहर निकाल कर भवाली स्थित सीएचसी भेजा जाया गया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल के अनुसार मृतकों में चार मूल रूप से खटीमा के रहने वाले हैं और फिलहाल लखनऊ में निवास करते थे। साथ ही नैनीताल घूमने के लिए आ रहे थे। यह भी पता चला है कि सभी को रातीघाट रोड पर किसी रिश्तेदार के रिसाॅर्ट में ठहरना था। रिसार्ट में पहुंचने से पहले ही दुर्घटना घट गयी। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच में जुट गयी है। पुलिस की ओर से परिजनों को सूचना दे गयी है।

श्री सेमवाल के अनुसार जिस जगह पर यह दुर्घटना घटी है वहां पर सड़क काफी चौड़ी है। जानकारों का कहना है कि ऐसा लगता है कि चालक को झपकी आने के कारण यह दुर्घटना घटी होगी।

क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए परिवहन विभाग के संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) को भी मौके पर बुलाया गया है और जांच की जा रही है।

इस हादसे में मरने वालों की संख्या को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से पहले छह लोगों की मौत की पुष्टि की गयी थी। बाद में पुलिस की ओर से पांच लोगों के मरने की पुष्टि की गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित