नैनीताल , मार्च 12 -- उत्तराखंड उच्च न्यायालय में नैनीताल में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) अपीलीय ट्रिब्यूनल की सर्किट बेंच स्थापित करने को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई हुई है।
मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता की अगुवाई वाली पीठ ने बुधवार को राज्य सरकार को इस संबंध में आवश्यक निर्णय लेने की बात कही। न्यायालय से इस आदेश की प्रति गुरुवार को मिली।
यह मामला हल्द्वानी टैक्स बार एसोसिएशन द्वारा दायर याचिका से जुड़ा है, जिसमें नैनीताल में जीएसटी ट्रिब्यूनल की सर्किट बेंच स्थापित करने की मांग की गई है। सुनवाई के दौरान केन्द्र सरकार की ओर से न्यायालय को 02 मई, 2025 का एक पत्र सौंपा गया जिसमें बताया गया कि उच्च न्यायालय मुख्यालय परिससर नैनीताल में जीएसटी ट्रिब्यूनल की सर्किट बेंच स्थापित करने का अंतिम निर्णय राज्य सरकार को लेना है।
राज्य सरकार की ओर से अदालत से समय की मांग करते हुए कहा गया कि उन्हें यह पता लगाने के लिए समय चाहिए कि नैनीताल में सर्किट बेंच की स्थापना के लिए राज्य सरकार ने अब तक क्या कदम उठाए हैं।
इस मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता और न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय की खंडपीठ में हुई। अंत में अदालत ने राज्य सरकार की मांग को स्वीकार करते हुए दो सप्ताह का समय देते हुए मामले की अगली सुनवाई के लिए मार्च अंत की तिथि तय कर दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित