नैनीताल , अप्रैल 30 -- उत्तराखंड कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने नैनीताल जिले में ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान का आकलन करने और उन्हें मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए हैं।

श्री कैड़ा ने शनिवार को कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक फल एवं सब्जी उत्पादन के प्रमुख क्षेत्र हैं। यहां बड़ी संख्या में किसान कृषि और बागवानी पर निर्भर किसान अपनी आजीविका चलाते हैं। हाल के दिनों में लगातार हुई भीषण ओलावृष्टि से इन क्षेत्रों में किसानों की फसलों और फलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि पुलम, खुमानी, आड़ू, टमाटर, मिर्च सहित कई बागवानी और कृषि फसलें ओलावृष्टि की चपेट में आ गई हैं। एक ही सीजन में दो बार हुई ओलावृष्टि ने किसानों की आर्थिकी को प्रभावित किया है, जिससे उन्हें दोहरी मार झेलनी पड़ी है।

उन्होंने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को निर्देश दिए कि जिला प्रशासन, उद्यान विभाग और कृषि विभाग की संयुक्त टीमों से गांव-गांव जाकर नुकसान का आकलन कराया जाए तथा पीड़ित किसानों को जल्द से जल्द राहत और मुआवजा उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करें।

श्री कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति संवेदनशील है और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को हर संभव सहायता दिलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित