नैनीताल , जून 25 -- उत्तराखंड की नैनीताल पुलिस ने सराहनीय पहल करते हुए चोरी के लगभग 56.25 लाख रुपये मूल्य के 256 मोबाइल सेट बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के अनुसार मोबाइल ऐप सेल और साइबर सेल ने अप्रैल से 24 जून के बीच प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए मोबाइल सेटों की रिकवरी के लिए अभियान चलाया। पुलिस को नैनीताल पुलिस मोबाइल ऐप और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल गुम होने की सूचनाएं प्राप्त हुई थीं।
उन्होंने बताया कि उपनिरीक्षक मीनू गौतम के नेतृत्व में टीम ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइलों की लोकेशन ट्रेस की।
पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से कुल 256 मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइलों में चार आईफोन, 35 सैमसंग, 59 ओप्पो, 50 वीवो, 26 रियलमी, 19 रेडमी, 14 पोको, 10 वन प्लस, 10 मोटो, 10 इंफिनिक्स समेत अन्य ब्रांड के मोबाइल शामिल हैं।
मोबाइल वापस मिलने पर शिकायतकर्ताओं के चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित