नैनीताल , जुलाई 30 -- उत्तराखंड में नैनीताल की नगर पालिका के लिए मनोनीत सभासदों ने गुरुवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
नैनीताल नगर पालिका में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सरिता आर्या शामिल हुईं। उन्होंने नवनियुक्त सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने पर शुभकामनाएं देते हुए जनहित और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल द्वारा शासन द्वारा मनोनीत आनंद बिष्ट, विमल बिष्ट, मनोज पवार, दीपिका बिनवाल एवं मीनू बुड़लाकोटी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर विधायक सरिता आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास और जनसेवा के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिवार में नए जनप्रतिनिधियों के जुड़ने से जनसेवा को और मजबूती मिलेगी तथा सभी के सामूहिक प्रयासों से नैनीताल के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
समारोह में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहताश शर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दयाकिशन पोखरिया, मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की सहित नगर पालिका के निर्वाचित सभासद, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित