नैनीताल , मार्च 27 -- उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल समेत जिले में गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और कोई कमी नहीं है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शुक्रवार को बताया कि जिले की भारत पेट्रोलियम, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम और इंडेन गैस एजेंसियों में पर्याप्त गैस स्टॉक मौजूद है तथा प्रशासन द्वारा सप्लाई चेन की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी सहित सभी उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गैस, पेट्रोल और डीजल स्टॉक की नियमित जांच करने के निर्देश दिए हैं।
श्री रयाल ने कहा कि बीते सप्ताह गैस का बैकलॉग लगभग 40 हजार था, जो अब घटकर 25 हजार रह गया है और स्थिति तेजी से सामान्य हो रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे घबराकर गैस एजेंसियों के गोदामों पर न जाएं, क्योंकि सभी को होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि पहले से बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने आम जनता से ऑनलाइन बुकिंग करने की भी अपील की है, ताकि वितरण व्यवस्था सुचारू बनी रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की भी कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि दहशत में आकर अनावश्यक ईंधन का भंडारण न करें, क्योंकि घरों में ज्वलनशील पदार्थ जमा करना गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है।
उन्होंने दोहराया कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी जानकारी के लिए आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित