नैनीताल , फरवरी 16 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिला न्यायालय को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पुलिस तत्काल हरकत में आ गई है। फिलहाल पुलिस ने नैनीताल समेत हल्द्वानी और रामनगर कोर्ट परिसरों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डा0 मंजूनाथ टीसी के अनुसार नैनीताल जिला न्यायालय को आज बम से उड़ाने की धमकी मिली। एक लाइन के ईमेल में कोर्ट परिसर में आरडीएक्स की बात कही गई।
जिला न्यायालय से पुलिस को सूचना दी गई। तत्काल पुलिस हरकत में आई और पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डांग स्क्वाड की एक टीम मौके पर भेजी गई।
इस घटना के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। अदालतों में कोई काम नहीं हो पाया। अधिवक्ता और कर्मचारियों में दहशत फैल गई। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सर्वप्रथम परिसर को खाली कराया गया।
इसके बाद बम निरोधक दस्ता और डाग स्क्वायड की टीम ने पूरे परिसर की तलाशी ली। एसएसपी डा0 मंजूनाथ के अनुसार कहीं कुछ नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि मेल में किसी संगठन और किसी व्यक्ति की ओर से कोई जिम्मेदारी नहीं ली गई है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिहाज से हल्द्वानी और रामनगर कोर्ट में भी बम निरोधक दस्ता और डाग स्क्वायड की टीम ने तलाशी अभियान चलाया। कहीं से कोई भी विस्फोट सामग्री नहीं मिली है। उन्होंने आम लोगों से किसी तरह की अफवाह और तनाव में आने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस आईपी एड्रेस के जरिए यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि मेल कहां से आया है और किसने भेजा है। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित