नैनीताल , फरवरी 16 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिला न्यायालय को सोमवार के लिए एक ईमेल भेजकर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में सनसनी फैल गई।

न्यायालय को भेजे गए संदिग्ध ईमेल में परिसर में आरडीएक्स और आईईडी लगाए जाने का दावा किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं और परिसर को खाली कराकर तलाशी ली जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अज्ञात ईमेल आईडी से भेजे गए इस मेल में दावा किया गया है कि न्यायालय परिसर में 12 आरडीएक्स आधारित आईईडी लगाए गए हैं, जो दोपहर करीब 12:15 बजे विस्फोट कर सकते हैं। ईमेल में ईडब्ल्यूएस आरक्षण का भी उल्लेख किया गया है।

ईमेल में प्रतिबंधित संगठन लिट्टे तथा पाकिस्तान आईएसआई का नाम भी लिखा गया है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां इस मेल की सत्यता की जांच कर रही हैं और इसे शरारती तत्वों की करतूत होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद नैनीताल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। साथ ही इस ईमेल की शिकायत एसएसपी को भी की गई है। पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड द्वारा न्यायालय परिसर व आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित