नैनीताल , नवम्बर 09 -- उत्तराखंड के नैनीताल घूमने आये मुंगेर, बिहार के लापता युवक का चौथे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस लगातार तलाश में जुटी हुई है।
बिहार मुंगेर के चार युवक गत 06 नवम्बर को नैनीताल घूमने आये थे। बताया जा रहा है कि इनमें से एक युवक अर्णव कुमार सिंह नैनीताल के भीमताल में ग्राफिक एरा का छात्र था। तीन दोस्त उसके कोटा में पढ़ते थे।
बताया जा रहा है कि दीपावली के अवकाश के बाद चारों ने नैनीताल घूमने की योजना बनाई। 05 नवम्बर को सभी हल्द्वानी पहुंच गये। यहां चारों एक होटल में ठहरे। अगले दिन सभी नैनीताल पहुंचे और चीना पीक घूमने चले गये।
बताया जा रहा है कि वापस लौटते वक्त इनमें से अर्णव कुमार सिंह लापता हो गया। उसके दोस्तों ने उसकी तलाश की। जब वह नहीं मिला तो मल्लीताल पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस, अग्निशमन बल, राज्य आपदा प्रबंधन बल (एसडीआरएफ), वन और राजस्व विभाग की टीम ने युवक की तलाश की।
कोतवाल राजेन्द्र सिंह रावत के अनुसार पिछले चार दिन से लगातार युवक की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि आज चौथे दिन दो ड्रोन भी तलाशी टीम के साथ घाटियों और खाइयों में तलाशी कार्य में जुटे रहे।
श्री रावत के अनुसार आज भी अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि युवक के परिजन भी यहां पहुंचे हैं और युवक के तीनों साथी भी सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस हर कोण से जांच कर रही है। अब पुलिस शहरों के आसपास और जंगल को जोड़ने वाले रास्तों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों को भी खंगालने में भी जुट गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित