नैनीताल , जनवरी 31 -- उत्तराखंड के नैनीताल में शहर के बीचों-बीच स्थित ऐतिहासिक खेल मैदान (फ्लैट्स) को लेकर शनिवार को एक बार जिला प्रशासन और नगर पालिका के मध्य तलवारें खिंच गईं। विवाद के चलते स्व0 पृथ्वीराज बिष्ट क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू नहीं हो पायी है।

मल्लीताल स्थित फ्लैट्स को लेकर पिछले कई महीनों से नैनीताल नगर पालिका और जिला प्रशासन के मध्य जोर आजमाइश चल रही है। बताया जा रहा है कि नैनीताल नगर पालिका प्रशासन और खेल विभाग के मध्य पिछले साल एक करार के बाद फ्लैट्स को खेल विभाग को लीज पर दे दिया गया है।

नैनीताल नगर पालिका की चुन कर आयी नई बोर्ड इसका विरोध कर रही है। खासकर कांग्रेस पार्टी से चुनकर आयी नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल इसके विरोध पर उतारू हैं। उसने इसे नाक का सवाल बना दिया है।

बताया जा रहा है कि खेल विभाग की ओर से फ्लैट्स में विगत 27 जनवरी से क्रिकेट की एक ओपन प्रतियोगिता कराई जा रही थी। नैनीताल के एसडीएम ने बताया कि इसके लिए बकायदा विज्ञप्ति जारी कर पूरी तैयारी कर ली गई थी।आरोप है कि नगर पालिका की ओर से इस प्रतियोगिता का विरोध कर दिया गया और प्रतियोगिता शुरू नहीं हो पायी।

दूसरी ओर पालिका अध्यक्ष श्रीमती खेतवाल ने आज बताया कि आज स्व0 पृथ्वीराज बिष्ट क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू किया जा रहा था लेकिन जिला प्रशासन की ओर से सुबह से फ्लैट्स में पुलिस तैनात कर दी गई।

नगर पालिका अध्यक्ष और एसडीएम स्वयं दिन भर मैदान में डटे रहे। शाम तक कोई निर्णय नहीं निकल पाया। हालांकि एसडीएम ने कहा कि विधायक सरिता आर्य की ओर से भी पहल की गई और इस मामले के हल के लिए दोनों क्रिकेट प्रतियोगिताओं को एक साथ एक बैनर के तहत कराने का प्रस्ताव खेल विभाग, डीएसए और स्व0 पृथ्वीराज बिष्ट क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजकों के सामने रखा गया है।

उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान जल्द हो सकेगा और खेल और खिलाड़ियों के हित में गतिरोध टूटेगा। वहीं पालिका अध्यक्ष ने कहा कि खेल विभाग प्रस्ताव दे और हमारे अनुकुल होगा तो विचार किया जा सकता है। हालांकि अभी बहुत जल्दी इस मामले के समाधान की उम्मीद कम ही दिखाई देती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित