नैनीताल , अगस्त 01 -- उत्तराखंड में नैनीताल जिले के रामगढ़ ब्लाक के संतोली में एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आयी है। मुरादाबाद से आये कुछ युवकों ने कथित रूप से स्थानीय लड़कियों के साथ बदसलूकी कर दी। लड़कियों और ग्रामीणों ने युवकों के मुंह पर कालिख पोत कर सबक सिखा दिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार की बतायी जा रही है। पता चला है कि मुरादाबाद के कुछ युवक निर्माण के काम के लिहाज से रामगढ़ आये थे।
इसी दौरान उन्होंने कुछ युवतियों के साथ छेड़खानी कर दी। आरोप है कि एक युवक ने एक युवती के हाथ पकड़ने की कोशिश भी की और अपना बाॅडीगाड बनाने की बात की। यह भी आरोप है कि युवकों ने इंस्टाग्राम आईडी भी देने की मांग की।
इससे लड़कियां बिगड़ गईं और शोर मचाना शुरू कर दिया। स्थानीय ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और दो युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद लड़कियों ने युवकों की बुरी तरह पिटाई कर दी। लड़कों के मुंह पर कालिख भी पोत दी और उन पर बिछू घास भी लगा दी। युवकों की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
बताया जा रहा है कि इसी बीच घटना की सूचना इसी बीच कुछ लोगों ने पुलिस को दे दी। भवाली पुलिस ने मौके पर जाकर युवकों को हिरासत में ले लिया। भवाली कोतवाल प्रकाश मेहरा के अनुसार पीड़िताओं को थाना बुलाया गया लेकिन युवतियों ने तहरीर नहीं दी।
हालांकि उन्होंने पुलिस से आगे से युवकों की ऐसी हरकत करने पर एतराज़ जताया। श्री महरा ने कहा कि चालानी कार्रवाई के बाद युवकों को लिखित माफीनामा के बाद छोड़ दिया गया। यह भी चर्चा है कि जिस वाहन से युवक आये थे उसमें शेख मिर्जा लिखा हुआ था।
श्री मेहरा के अनुसार युवक टाइल्स लगाने का काम करते हैं और उसी सिलसिले में रामगढ़ आये थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित