नैनीताल , अप्रैल 27 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले के धारी में सोमवार को एक मैक्स वाहन के खाई में गिरने से महिला समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मैक्स वाहन हल्द्वानी से दूदूली, धारी की ओर जा रहा था। इसी दौरान दूदूली के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। वाहन में कुल छह लोग सवार थे।

डायल 112 के माध्यम से सूचना मिलते ही थाना मुक्तेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को बाहर निकालकर 108 एम्बुलेंस के जरिए सीएचसी पदमपुरी भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने लता देवी (40) और हरीश चन्द्र बेलवाल निवासीगण ग्राम दूदूली, मुक्तेश्वर को मृत घोषित कर दिया।

घायलों में दिनेश चन्द्र, चालक कमल शर्मा, नेहा बेलवाल और सुभाष बेलवाल शामिल हैं, जिनका उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित