नैनीताल , मई 11 -- उत्तराखंड के जनपद नैनीताल के युवक की हत्या कर शव को खाई में फेंकने के मामले में पुलिस ने दो और नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अभी तक इस मामले तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 23 अप्रैल को दिनेश चंद्र उपाध्याय के लापता होने की घटना सामने आई थी। भुजियाघाट स्थित शौर्य रिसोर्ट के प्रबंधक भावेश पाण्डे ने थाना तल्लीताल में तहरीर देकर कहा कि उसके होटल में कार्यरत दिनेश चन्द्र उपाध्याय एक दिन पहले 22 अप्रैल को छुट्टी लेकर गया था लेकिन वापस नहीं लौटा और न ही घर पहुंचा है। इस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। दिनेश अल्मोड़ा जिला में रानीखेत थाना क्षेत्र के दुभना देवलीखेत निवासी था।
जांच के दौरान मामला संदिग्ध पाए जाने पर गहन विवेचना की गई। इसके बाद 27 अप्रैल को तल्लीताल के टूटा पहाड़ से उसका शव बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और तीन लोगों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित