नैनीताल , सितम्बर 22 -- उत्तराखंड के नैनीताल से सटे ज्योलिकोट क्षेत्र के छह से अधिक गांवों में फैली महामारी के मामले में शासन प्रशासन अभी भी अंधेरे में हैं और इस महामारी के फैलने को लेकर उसके पास कोई ठोस जवाब मौजूद नहीं है। उच्च न्यायालय ने मंगलवार को सुनवाई के बाद मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को अगली सुनवाई पर निगरानी कमेटी की रिपोर्ट पेश करने को कहा है।
मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता और न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय की खंडपीठ में आज अधिवक्ता रवि बिष्ट की ओर से दायर जनहित याचिका पर सुनवाई हुई। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. रश्मि पंत के अलावा जल संस्थान और जल निगम के अधिकारी अदालत में पेश हुए।
मुख्य सचिव की ओर से कहा गया कि उनकी अध्यक्षता में नौ सदस्यीय निगरानी कमेटी गठित की गयी है। निगरानी कमेटी की बैठक 23 सितंबर को आहूत की गयी है। जिलाधिकारी की ओर से पेश रिपोर्ट में कहा गया कि महामारी से पीड़ित ग्रामीणों के उपचार के लिये सभी प्रकार के कदम उठाये गये हैं।
शासन की संस्तुति पर जल संस्थान और जल निगम के छह लापरवाह अधिकारियों को निलंबित किया गया है। सीएमओ की ओर से कहा गया कि जलजनित महामारी से अब 29 पीड़ित ही विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। उनके उपचार के लिये उपयुक्त कदम उठाये गये हैं।
जल संस्थान की ओर से कहा गया कि क्षेत्र में क्लोरीनेशन का काम पूरा हो गया है। ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। कुछ गांवों को टैंकर से पीने का पानी दिया जा रहा है।
इसके बावजूद अदालत प्रशासन के जवाब से संतुष्ट नजर नहीं आयी। अदालत के इस सवाल का जवाब किसी के पास नहीं था कि महामारी फैलने का मूल कारण क्या था। दूसरी ओर से याचिकाकर्ता की ओर से अदालत के समक्ष फोटोग्राफ पेश कर कहा गया कि ज्योलिकोट क्षेत्र में होटल और होमस्टे खोले गये हैं। इनकी पर्यावरणीय जांच आवश्यक है।
इसके बाद अदालत ने जिलाधिकारी को निर्देश दिये कि सभी होटल और होमस्टे की जांच करके रिपोर्ट पेश करें कि सभी होटल और होमस्टे पर्यावरणीय नियमों की जांच कर रहे हैं या नहीं।
अदालत ने मुख्य सचिव को भी अगली सुनवाई पर निगरानी कमेटी की कल होने वाली बैठक की रिपोर्ट अगली सुनवाई पर पेश करने को कहा है।
यहां बता दें कि नैनीताल से सटे ज्योलिकोट क्षेत्र में छह गांवों में कुछ समय पहले संक्रमण फैल गया था और 200 से अधिक लोग इसकी चपेट में आ गये थे। संक्रमण के चलते एक महिला और एक युवक की मौत भी हो गयी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित