नैनीताल , जून 17 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले के कालाढूंगी में वन निगम कार्यालय के पास बुधवार रात दो कारों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये।
पुलिस के अनुसार डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि किया सोनेट और ऑल्टो कार के बीच जोरदार टक्कर हुई। हादसे के समय ऑल्टो कार में सवार शुभम सामंत (30) की मौत हो गयी।
दुर्घटना में कमल मिश्रा, हर्षित अधिकारी और नरेंद्र अधिकारी घायल हो गये। स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया।
चिकित्सकों ने शुभम को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित