नैनीताल/देहरादून , मार्च 06 -- उत्तराखंड के कुमाऊं में पर्यटन का प्रमुख आधार नैनीताल जिले की झीलों को लेकर प्रदेश सरकार गंभीर है और उसने झीलों को आकर्षक और सुविधायुक्त बनाने के लिए पुनर्विकास योजनाओं को गति दे दी है।
इस संबंध में शुक्रवार को आवास विभाग की ओर से राज्य सचिवालय में एक समीक्षा बैठक की गई और झीलों के पुनर्विकास एवं सौन्दर्यीकरण से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया गया। बैठक में नैनीताल के जिलाधिकारी राकेश मोहन रयाल जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
बैठक में भीमताल, नौकुचिया ताल और कमलताल झीलों के पुनर्विकास एवं सौन्दर्यीकरण पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में भीमताल झील को लगभग 2567.49 लाख रुपये की लागत पर्यटन की दृष्टि से अधिक आकर्षक, सुविधाजनक और सुव्यवस्थित बनाने पर विचार किया गया जिससे पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके और क्षेत्र का समग्र विकास हो।
इस परियोजना के तहत झील के चारों ओर आकर्षक और सुरक्षित पाथ-वे का निर्माण किया जाएगा, जिससे पर्यटक झील की परिक्रमा आसानी से कर सकेंगे। इसके अलावा सुभाष पार्क और दीनदयाल पार्क का सौन्दर्यीकरण किया जाएगा। योजना में लगभग 40 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग, लैंडस्केपिंग, ओपन सिटिंग एरिया, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र तथा आधुनिक उपकरणों की स्थापना का भी प्रावधान किया गया है। साथ ही पूरे क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए विद्युतीकरण पर भी जोर दिया गया।
बैठक में नौकुचिया ताल और कमलताल झील के पुनर्विकास एवं सौन्दर्यीकरण की योजना की भी समीक्षा की गई। लगभग 2097.02 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत नौकुचियाताल झील के चारों ओर लगभग 2089 मीटर लंबा पाथ-वे बनाया जाएगा, जिससे पर्यटकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
परियोजना के अंतर्गत झील क्षेत्र में चार गजिबो, आकर्षक सेल्फी प्वाइंट, पार्किंग सुविधा और बोटिंग स्टैंड विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही लैंडस्केपिंग, हॉर्टिकल्चर कार्य, बच्चों के लिए आधुनिक खेल उपकरण तथा विद्युतीकरण की व्यवस्था भी की जाएगी।
माना जा रहा है कि इन परियोजनाओं के माध्यम से नैनीताल जनपद की झीलों के आसपास पर्यटन सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। इससे पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे तथा अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित