नैनीताल , मार्च 27 -- उत्तराखंड के नैनीताल विधानसभा के अंतर्गत आने वाले एक दूरस्थ क्षेत्र में गोरिया देव ग्राम में आजादी के 78 साल बाद पहली बार बिजली पहुंची।
यहां के लोग आज तक बिना रोशनी के जीवन यापन कर रहे थे। यह पल सिर्फ एक सुविधा मिलने का नहीं, बल्कि दशकों के इंतजार के खत्म होने का था।
इस खास मौके पर पूर्व प्रदेश मंत्री राकेश नैनवाल खुद पांच किलोमीटर का कठिन पैदल सफर तय कर पहुंचे। उन्होंने बताया कि यह सिर्फ एक दौरा नहीं, बल्कि एक संकल्प था कि जब तक इस घर में रोशनी नहीं पहुंचेगी, तब तक वह खुद वहां जाकर इस खुशी को साझा नहीं करेंगे।
श्री नैनवाल ने कहा कि यह कार्य उनकी ही सरकार के प्रयासों से संभव हो पाया है। उन्होंने नैनीताल के सांसद अजय भट्ट का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि सांसद निधि के माध्यम से इस कठिन इलाके में बिजली पहुंचाना संभव हो सका।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित