भिण्ड , जुलाई 30 -- मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र में आज तड़के नेशनल हाईवे-719 पर दो डंपरों की आमने-सामने भिड़ंत में एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। करीब डेढ़ घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद उसे वाहन से निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना आज सुबह लगभग चार बजे जैतपुरा के पास हुई। नगरा वीरवाल (उदी मोड़) निवासी डंपर चालक तहसीलदार जाटव सामने से आ रहे डंपर को क्रॉस कर रहे थे। इसी दौरान एक डंपर चालक द्वारा कट मारने से दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों डंपर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
टक्कर में अटेर रोड फूप निवासी रविंद्र सिंह यादव अपने डंपर के स्टेयरिंग और बोनट के बीच फंस गए। सूचना मिलने पर डायल-112 और मेहगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बरेठा टोल प्लाजा से क्रेन तथा स्थानीय स्तर पर जेसीबी मंगाकर पुलिस, मशीन ऑपरेटरों और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए भिण्ड जिला अस्पताल भेजा गया। उसकी हालत गंभीर बताई गई है। मेहगांव थाना पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित