नयी दिल्ली , फरवरी 17 -- सूक्ष्म, लघु और मझोले उद्यमों (एमएसएमई) के संवर्धन में लगे केंद्रीय एमएसएमई मंत्रालय के उपक्रम नेशनल स्माल इंडस्ट्रीज कार्पोरेशन लि. (एनएसआईसी) को अनुसूची 'ए' के केंद्रीय उपक्रम का दर्जा दिया गया है।

उच्च स्तर का कार्य प्रदर्शन करने वाले केंद्रीय उद्यम इस श्रेणी में रखे जाते हैं। महारत्न और नवरत्न श्रेणी उपक्रम इसी श्रेणी में आते हैं। एनएसआईसी को अभी तक अनुसूची 'बी' में रखा गया था।

एनएसआईसी की एक विज्ञप्ति के अनुसार वित्त मंत्रालय के लोक उपक्रम विभाग ने 13 फरवरी , 2026 को जारी एक अधिसूचना में उसे अनुसूची ए का केंद्रीय उपक्रम घोषित किया है।

एनएसआईसी सूक्ष्म , छोटी और मझोली इकाइयों को कौशल, क्षमता निर्माण, प्रतिस्पर्धा क्षमता विकास, विपणन में सहायता, वित्तीय संसाधन जुटाने में मदद तथा कारोबार के विस्तार के लिए शेयर पूंजी के रूप में मदद करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित