श्रीनगर , नवंबर 04 -- जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस के छह बार के विधायक मुबारक गुल ने बुधवार को अपनी प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस टाल दी।

इस दौरान वह अपने भविष्य की रणनीति का ऐलान करने वाले थे लेकिन ऐन वक्त पर उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल वह इस मामले पर कोई बयान नहीं देंगे।

श्रीनगर की ईदगाह विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले गुल ने हाल ही में मंत्रिमंडल विस्तार में जगह नहीं मिलने से नाराजगी के बीच मीडिया को संबोधित करने का कार्यक्रम रखा था।

प्रेस कॉन्फ्रेंस टालने के फैसले पर उन्होंने कहा कि उन्होंने जम्मू-कश्मीर की मौजूदा परिस्थितियों, अपने सहयोगियों से हुई बातचीत और समर्थकों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि उनके कुछ कार्यकर्ता करीब एक दशक से उनके साथ हैं, जबकि कुछ लोग वर्ष 1975 से यानी 51 वर्षों से उनका साथ दे रहे हैं।

श्री गुल ने कहा, "मैं आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थगित करने की घोषणा करता हूं। आज इस मामले पर कुछ नहीं कहूंगा।" उन्होंने कहा कि वह अपने सहयोगियों और मित्रों की भावनाओं का सम्मान करना चाहते हैं और उनकी भावनाओं को अभिव्यक्त करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, "मैं न तो कुछ कहूंगा और न ही कोई घोषणा करूंगा। ईश्वर की कृपा से चीजें अपने उचित समय पर होंगी।" उन्होंने कहा कि उनका संदेश यही है और इस पर उन्हें कुछ और स्पष्ट करने या कहने की जरूरत नहीं है।

श्री गुल ने बताया कि कुछ सहयोगियों ने उन्हें फोन पर सलाह दी है और वह उनकी सलाह पर अमल करते हुए आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा, "मैं एक लड़ाका हूं और संघर्ष जारी रखूंगा।"श्री गुल की नाराजगी सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस में उस समय सामने आई है, जब मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के मंत्रिमंडल में 27 अक्टूबर को चार नए मंत्रियों को शामिल किया गया था। इसके साथ ही मंत्रिपरिषद में मंत्रियों की संख्या अधिकतम अनुमेय सीमा नौ तक पहुंच गई थी।

मंत्रिमंडल विस्तार में जगह नहीं मिलने पर ईदगाह विधायक ने सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई थी, जिसके बाद उनके समर्थकों ने श्रीनगर में प्रदर्शन भी किए थे।

नाराजगी दूर करने के प्रयास में नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने मंत्रिमंडल विस्तार के तुरंत बाद गुल को पार्टी का महासचिव नियुक्त किया था। उन्होंने अली मोहम्मद सागर की जगह ली थी, जिन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। हालांकि, कुछ दिनों बाद सागर को फिर से पार्टी महासचिव नियुक्त कर दिया गया। इस बीच पार्टी विधायकों के एक समूह ने एक विधायक के श्रीनगर स्थित आवास पर बैठक भी की।

श्री गुल नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठतम नेताओं में शामिल हैं। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी सार्वजनिक रूप से कहा है कि गुल ने अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 हटाए जाने से कई दिन पहले ही इसकी सही भविष्यवाणी कर दी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित