दंतेवाड़ा , मार्च 30 -- भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा संचालित नेशनल कैरियर सर्विस (एनसीएस) पोर्टल युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक प्रभावी और उपयोगी मंच के रूप में उभर रहा है। डिजिटल युग में नौकरी की तलाश कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह पोर्टल एकीकृत समाधान प्रदान करता है, जहां उन्हें रोजगार, करियर परामर्श और कौशल विकास से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं।

जिला पीआरओ ने सोमवार को बताया कि एनसीएस पोर्टल के माध्यम से निजी एवं सार्वजनिक क्षेत्र की विभिन्न नौकरियों की जानकारी, रोजगार मेलों की सूचना, व्यावसायिक मार्गदर्शन तथा स्किल कोर्स और प्रशिक्षण कार्यक्रमों तक आसान पहुंच सुनिश्चित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी इस पोर्टल पर निःशुल्क पंजीकरण कर अपनी प्रोफाइल तैयार कर सकते हैं। प्रोफाइल के आधार पर नियोक्ताओं द्वारा उपलब्ध कराई गई रिक्तियों से अभ्यर्थियों का मिलान किया जाता है, जिससे उन्हें उपयुक्त रोजगार अवसर प्राप्त होने की संभावना बढ़ जाती है।

पोर्टल पर करियर काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध है, जहां मान्यता प्राप्त काउंसलर्स द्वारा ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है। इसमें डिजिटल स्किल्स के विकास, रोजगार क्षमता बढ़ाने तथा स्व-रोजगार के अवसरों पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इसके साथ ही युवाओं को रोजगार-योग्य बनाने के उद्देश्य से अप्रेंटिसशिप, इंटर्नशिप, विभिन्न कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रम भी उपलब्ध कराए गए हैं।

किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए बहुभाषी हेल्पलाइन नंबर 1514 पर संपर्क किया जा सकता है, जो प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संचालित है। दंतेवाड़ा जिले के युवाओं के लिए यह पोर्टल राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार अवसरों तक पहुंच बनाने का एक सशक्त माध्यम बन रहा है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल का अवलोकन कर सकते हैं या जिला रोजगार कार्यालय एवं नजदीकी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में संपर्क कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित