श्रीनगर , मई 16 -- नेशनल कॉन्फ्रेंस ने जम्मू कश्मीर में शराबबंदी की दिशा में कदम उठाने का संकेत दिया है हालांकि इसे लेकर पार्टी के भीतर और बाहर मिश्रित प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।

नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता एवं विधायक तनवीर सादिक ने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी जल्द ही जम्मू कश्मीर में शराबबंदी की तरफ कदम बढ़ाएगी।

गौरतलब है कि यह टिप्पणी राज्य में शराब की बिक्री और पीने को लेकर बढ़ती राजनीतिक बहस के बीच आई है, जिसमें कई राजनीतिक पार्टियां और धार्मिक संगठन केंद्र शासित प्रदेश में शराब को पूरी तरह से प्रतिबंधित करने की मांग कर रहे हैं। एक दिन पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी शराबबंदी की मांग की थी। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रीनगर के गुपकार रोड पर विरोध-प्रदर्शन किया, जो मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के घर तक गया और शराबबंदी की मांग की।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के मुख्य प्रवक्ता सादिक ने कहा कि श्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली राज्य सरकार इस मामले पर कार्रवाई करने को प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित