रायपुर , सितंबर 24 -- छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित 'नेवता भोज' में बैगा पुजारियों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने एक साथ भोजन कर सामाजिक समरसता और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया।
जिला प्रशासन से आज मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत मल्टीपर्पस स्कूल पेंड्रा के असेंबली हॉल में यह सामूहिक भोज आयोजित किया गया। आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर एवं कार्यशाला में शामिल बैगा पुजारियों और ग्रामीणों ने भी इसमें भाग लिया।
आयोजन के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों के लोग एक ही पंक्ति में बैठकर भोजन में शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक सहभागिता, आपसी संवाद और सामुदायिक भावना को बढ़ावा देना था।
नेवता भोज में विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी, वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, बैगा पुजारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित