मधुबनी , सितंबर 28 -- बिहार में मधुबनी जिला अंतर्गत 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), जयनगर की 'एफ' समवाय, बीओपी कमला की ड्यूटी पार्टी ने आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नेपाल से भारत लाई जा रही 8.895 लीटर नेपाली शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एसएसबी सूत्रों ने बताया कि शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। समवाय मुख्यालय कमला की चेक पोस्ट बलडिहा की ड्यूटी पार्टी द्वारा बाबा कुट्टी के पास, सीमा स्तम्भ संख्या 270/12 से लगभग 200 मीटर भारतीय क्षेत्र में नेपाल से भारत की ओर आ रहे एक बाइक सवार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बाइक की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई नेपाली शराब बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपित की पहचान रोहन भगत,वार्ड नं. 14, सुभाष चौक, जयनगर के रुप में हुई है। पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने बताया कि उक्त शराब उसने इनरवा, नेपाल स्थित दुकान से खरीदी थी और कपिलेश्वर गांव निवासी कैलाश को देने जा रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित