बहराइच , अक्टूबर 22 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भारत-नेपाल सीमा पर रज्जनवा चेकपोस्ट के पास बुधवार देर रात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने नेपाल जाने का रास्ता पूछ रहे तीन श्रीलंकाई नागरिकों और तमिलनाडु निवासी एक महिला को पकड़ा। जांच के दौरान तीनों श्रीलंकाई नागरिकों के पासपोर्ट मिले, लेकिन उनके वीजा की अवधि करीब तीन माह पहले समाप्त होने की जानकारी सामने आई। एसएसबी ने चारों को मुर्तिहा कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस दुभाषिए की मदद से उनसे पूछताछ कर सीमा क्षेत्र में पहुंचने और नेपाल जाने के उद्देश्य का पता लगा रही है। पुलिस के अनुसार, घटना मिहींपुरवा तहसील क्षेत्र में जंगल से सटी भारत-नेपाल सीमा के पास हुई। बुधवार रात चारों एक ऑटो से रज्जनवा चेकपोस्ट के निकट पहुंचे थे और नेपाल जाने का रास्ता पूछ रहे थे। उनकी भाषा स्थानीय लोगों की समझ में नहीं आई, जिसके बाद एसएसबी को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे जवानों ने पूछताछ की तो तीन लोगों के श्रीलंकाई नागरिक और एक महिला के तमिलनाडु निवासी होने की जानकारी मिली।

पकड़े गए लोगों की पहचान श्रीलंका के जाफना निवासी अजीत कुमार (39), कौशल्या (38) और प्रभाप (38) तथा तमिलनाडु निवासी धर्म सुधाकर (35) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान तीनों श्रीलंकाई नागरिकों के पासपोर्ट मिले, जबकि उनके वीजा की अवधि करीब तीन माह पहले समाप्त हो चुकी थी।

चारों को मुर्तिहा कोतवाली लाकर पूछताछ की जा रही है। भाषा संबंधी कठिनाई के कारण पुलिस दुभाषियों की मदद से उनके बयान दर्ज कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे सीमा क्षेत्र तक कैसे पहुंचे और नेपाल जाने के पीछे उनका क्या उद्देश्य था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित