बहराइच , अगस्त 19 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिला अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में थाना मोतीपुर पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से 583 ग्राम चरस और एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,उच्चाधिकारियों के दिशानिर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मोतीपुर ब्रह्मा गोंड के नेतृत्व में 19 अगस्त को पुलिस और 59वीं वाहिनी एसएसबी बलईगांव की संयुक्त टीम भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान बलईगांव पुलिया के पास पुलिस टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। पुलिस का दावा है कि तलाशी में उसके कब्जे से 583 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके अलावा एक प्लेटिना मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली।
पूछताछ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान शाहरूख खान उर्फ लल्लू (31) पुत्र सलीम खान, निवासी मेढ़किया पोंडा, थाना मोतीपुर, जनपद बहराइच के रूप में की है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मा गोंड ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी के खिलाफ थाना मोतीपुर में मु0अ0सं0 362/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के लिए रवाना कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित