काठमांडू , सितंबर 03 -- नेपाल सरकार ने रसुवा में आयी विनाशकारी बाढ़ में मारे गये लोगों के सम्मान में सात सितंबर को राष्ट्रीय शोक दिवस घोषित किया है।

सरकार के प्रवक्ता एवं शिक्षा मंत्री सस्मित पोखरेल ने बताया कि यह निर्णय गुरुवार दोपहर हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। राष्ट्रीय शोक दिवस सात सितंबर को आपदा के 13वें दिन मनाया जायेगा। यह निर्णय हिंदू परंपरा के अनुरूप है, जिसमें किसी व्यक्ति की मृत्यु के 13वें दिन मृत्यु संस्कार किये जाते हैं।

मंत्रिमंडल के निर्णय में कहा गया है कि रसुवा में भोटेकोशी नदी में आयी अभूतपूर्व बाढ़ में "जान गंवाने वाले लोगों के सम्मान में" राष्ट्रीय शोक मनाया जाएगा। इस दौरान पूरे नेपाल में सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ विदेशों में स्थित नेपाली दूतावासों और राजनयिक मिशनों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।

मंत्रिमंडल ने खोज एवं बचाव अभियानों में शामिल सुरक्षाकर्मियों और सरकारी कर्मचारियों के लिए अतिरिक्त सहायता को भी मंजूरी दी। उन्हें जोखिम भत्ता और भोजन का खर्च दिया जाएगा, जबकि अभियान के दौरान घायल हुए कर्मियों का नि:शुल्क उपचार कराया जाएगा।

श्री पोखरेल ने बताया कि बचाव अभियान के दौरान मारे गए कर्मियों के परिवारों को प्रत्येक मृतक के लिए 10 लाख नेपाली रुपये की सहायता दी जाएगी। सरकार ने बाढ़ प्रभावित समुदायों में खोज, बचाव और राहत कार्यों के लिए एशियाई विकास बैंक से मिलने वाले 50 लाख डॉलर के अनुदान को भी स्वीकार कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित