काठमांडू , सितंबर 27 -- नेपाल में हिमलुंग हिमाल के आधार शिविर में हिमस्खलन होने से कम से कम छह नेपाली सहायक कर्मचारी लापता हो गये हैं।

आयोजकों ने रविवार को बताया कि घटना के समय पर्वतारोही और अभियान दल के कर्मचारी एक पर्वतारोहण अभियान की तैयारियों में जुटे थे।

शेरपा और रसोई कर्मचारी एक अक्टूबर को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से आने वाले पर्वतारोही दल के लिए 7,126 मीटर ऊंचे पर्वत पर रस्सियां बांधने और तंबू लगाने का काम कर रहे थे, तभी पहाड़ की ढलान से बर्फ और चट्टानों का भीषण सैलाब नीचे आ गिरा।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, अभियान का आयोजन करने वाली कंपनी 'हिमालयन हॉलीडेज' के महाप्रबंधक बरुण भंडारी ने बताया कि आधार शिविर पर मौजूद कम से कम छह नेपाली लापता हैं।

सीएनएन ने भंडारी के हवाले से कहा, " हमें आज सुबह सूचना मिली कि हमारे क्रू के छह या सात सदस्य लापता हैं, लेकिन हम अभी सटीक संख्या की पुष्टि करने की प्रक्रिया में हैं।"उन्होंने कहा, " हम इस घटना से बेहद स्तब्ध हैं।" उन्होंने बताया कि यह पहली बार है, जब इस विशिष्ट क्षेत्र में इतने बड़े पैमाने पर हिमस्खलन हुआ है।"इस पर्वत पर अभियान संचालित करने वाली एक अन्य कंपनी के प्रमुख एवं प्रसिद्ध पर्वतारोही मिग्मा ग्याल्जे शेरपा ने बताया कि लापता लोगों में उनकी कंपनी के रसोई स्टाफ के दो सदस्य भी शामिल हैं।

भंडारी ने बताया कि कंपनी लापता लोगों की सटीक संख्या की पुष्टि के लिए नेपाल के पर्यटन अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही है और आधार शिविर में बचाव हेलीकॉप्टर भेजने की व्यवस्था की जा रही है।

इस दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र में हालांकि जबरदस्त बारिश और सीमित संचार सुविधाओं के कारण बचाव कार्यों में बाधा आ रही है।

भंडारी ने बताया कि शेरपा, रसोई कर्मचारियों और अन्य क्रू सदस्यों की यह टीम भोजन और पर्वतारोहण के उपकरण लेकर 18 सितंबर को सुरक्षित आधार शिविर पहुंच गयी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित