समस्तीपुर , अगस्त 27 -- नेपाल में आई भीषण बाढ़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल में हाई अलर्ट जारी किया गया है।
नेपाल से आने वाले पानी के कारण मंडल के सीमावर्ती क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने की आशंका के मद्देनजर रेल प्रशासन ने रेलवे ट्रैक एवं पुल- पुलिया की निगरानी बढ़ा दी है।
मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने आज यहां बताया कि पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण के जिला प्रशासन से संपर्क कर बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए रूपरेखा तैयार की गई है।
उन्होंने बताया कि मंडल के इंजीनियरिंग विभाग के सभी अधिकारियों और रेलकर्मियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गये हैं।
श्री मिश्रा ने बताया कि ट्रैकमैन तथा पुलों की निगरानी में तैनात रेलकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने और अपने-अपने क्षेत्रों में रेलवे ट्रैक, पुल-पुलिया तथा जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित