शिवहर , सितंबर 26 -- नेपाल के तराई क्षेत्रों और बिहार के सीमावर्ती इलाकों में हो रही अत्यधिक बारिश के मद्देनजर शिवहर जिला प्रशासन संभावित बाढ़ और जलजमाव की स्थिति को लेकर पूरी तरह अलर्ट हो गया है।
इस इलाके में बागमती नदी का जलस्तर खतरे के निशान 61.28 मीटर को पार कर 62.29 मीटर पर पहुंच गया है।
जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी के निर्देश पर अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, अनुमंडल पदाधिकारी और सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी ने जिले के संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों तथा तटबंधों का स्थल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बेलवा घाट, डुब्बा घाट, मोहारी बांध समेत अन्य क्षेत्रों में पहुंचकर नदी के जलस्तर और तटबंधों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान तटबंधों की सुरक्षा, पूर्व में किए गए सुरक्षात्मक कार्यों तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए उपलब्ध संसाधनों की जांच की गई। तटबंधों पर बालू से भरे बोरे और अन्य आवश्यक सामग्री की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई।
अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिये हैं कि जलस्तर में वृद्धि, तटबंध पर दबाव, रिसाव या किसी अन्य असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दें। क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन ने नदी, घाट और तटबंध के संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। बच्चों को नदी, नहर, तालाब और जलजमाव वाले क्षेत्रों में नहीं जाने देने तथा पशुओं को भी सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और बाढ़ एवं मौसम से संबंधित जानकारी के लिए केवल अधिकृत सरकारी माध्यमों पर भरोसा करने की अपील की है।
प्रशासन ने कहा है कि आपात स्थिति में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र के दूरभाष 06222-257060 और 06222-257061 पर संपर्क किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित