कुशीनगर , अगस्त 26 -- कुशीनगर जिला प्रशासन ने मरचहवा और शिवपुर समेत अन्य गांवों को खाली कराने के आदेश दिए हैं। इन गांवों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए घोषणाएं कराई जा रही हैं। अगले दो घंटे में नारायणी नदी का जलस्तर और बढ़ने की संभावना है। बाढ़ खंड ने अपने कर्मचारियों को सतर्क कर दिया है और बंधों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि भूस्खलन के कारण सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। अधिकाधिक प्रवक्ता के अनुसार नेपाल में हुए भारी नुकसान (पुलों व सड़कों के क्षतिग्रस्त होने) के बाद बड़ी गंडक व अन्य नदियों में पानी का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले पूरी सतर्कता बरत रहे हैं।

नेपाल के नवलपरासी पश्चिम स्थित जिला विपद् व्यवस्थापन समिति से मिली सूचना के बाद नारायणी नदी के तटीय और दियारा क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। बुधवार सुबह 9:40 बजे जारी सूचना के अनुसार नेपाल के नुवाकोट क्षेत्र में भारी बारिश हुई है। बारिश का पानी नुवाकोट बाजार को प्रभावित करते हुए गल्छी से नीचे तक पहुंचने की सूचना है।ऐसे में इसका असर नारायणी नदी के जलस्तर पर पड़ने की आशंका जताई गई है।

इस संबंध में जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर ने बताया है किनेपाल में हुई भारी बारिश के मद्देनजर खड्डा तहसील के नारायणी नदी के तटीय और दियारा क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। नदी का पानी बढ़ने की स्थिति में निचले इलाकों में पानी पहुंचने की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों से सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर जाने के लिए तैयार रहने की अपील की गई है।

प्रशासनिक स्तर से लोगों को खाने-पीने की आवश्यक सामग्री, जरूरी कागजात और कीमती सामान सुरक्षित रखने के साथ बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती और प्रसूता महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित स्थान पर ले जाने की सलाह दी गई है। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम के निर्देशों का पालन करने तथा अफवाहों से बचने की अपील भी की गई है। खड्डा तहसील के दियारा क्षेत्र के गांव शिवपुर,हरिहरपुर, नरायनपुर, मरिचहवा, बसंतपुर में खास सतर्कता बरती जा रही है, क्योंकि नेपाल में हुई बारिश का असर नदी के जलस्तर पर पड़ सकता है।

नेपाल में हुई भारी बारिश के बाद नारायणी नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। बुधवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने अधिकारियों एवं पुलिस बल के साथ खड्डा तहसील के संभावित बाढ़ प्रभावित दियारा क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने शिवपुर गांव पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे बातचीत की और नदी व बाढ़ की संभावित स्थिति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि संभावित बाढ़ की स्थिति में प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। अधिकारियों ने बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित