कुशीनगर , अगस्त 30 -- नेपाल में त्रिशूली नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी के बाद कुशीनगर में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। जिला प्रशासन ने गंडक नदी में पानी बढ़ने की आशंका को देखते हुए नदी किनारे के संवेदनशील इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर निगरानी बढ़ा दी है। प्रशासन की ओर से नदी के जलस्तर और बहाव पर लगातार नजर रखी जा रही है। संवेदनशील गांवों में लोगों को सतर्क रहने तथा नदी के किनारे नहीं जाने की सलाह दी गई है। संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए राजस्व, पुलिस और आपदा राहत से जुड़ी टीमों को भी सक्रिय रखा गया है।
नेपाल में आए जल प्रलय के बाद गंडक नदी में पानी का दबाव बढ़ा है। यह देखते हुए खड्डा व सेवरही क्षेत्रों में नदी किनारे के गांवों में पुलिस प्रशासनिक टीम लगातार भ्रमणशील रह कर स्थिति की जानकारी कर रही है। रविवार को नेपाल के त्रिशूली नदी में जल स्तर बढ़ने की जानकारी मिलते ही इन क्षेत्रों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर व पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने नागरिकों से सतर्क रहने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
इस संबंध में जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर ने बताया कि नारायणी नदी में अचानक पानी बढ़ने की स्थिति को देखते हुए निगरानी और बचाव व्यवस्था को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित