महाराजगंज , अगस्त 26 -- नेपाल के रसुवा जिले के सीमावर्ती टिमुरे क्षेत्र में तिब्बत की ओर से अचानक अत्यधिक जलप्रवाह आने से भोटेकोशी नदी में आकस्मिक बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने की सूचना के बाद महाराजगंज जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बुधवार को जिले में विशेष सतर्कता बरतने और गंडक नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार, बुधवार सुबह करीब नौ बजे नेपाल के टिमुरे क्षेत्र में अचानक अत्यधिक जलप्रवाह आने से भोटेकोशी नदी का जलस्तर बढ़ गया। इसके कारण टिमुरे बाजार और आसपास के नदी तटीय क्षेत्रों में नुकसान की प्रारंभिक सूचना है।

प्रशासन के अनुसार, भोटेकोशी-त्रिशूली नदी तंत्र के माध्यम से इस जलप्रवाह का प्रभाव निचले क्षेत्रों में पड़ने की संभावना को देखते हुए महाराजगंज में गंडक नदी के जलस्तर पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित तहसीलों, राजस्व विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। नदी तटीय और निचले इलाकों में विशेष निगरानी रखते हुए जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने की तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नदी तटीय और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोग सतर्क रहें तथा अनावश्यक रूप से नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास न जाएं। जलस्तर बढ़ने या प्रशासन की ओर से चेतावनी जारी किए जाने की स्थिति में तत्काल सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर चले जाएं। बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं को नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास न जाने दें।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। जिला प्रशासन स्थिति पर 24 घंटे निगरानी रख रहा है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (डीईओसी), महाराजगंज से संपर्क कर सकते हैं। आपातकालीन संपर्क नंबर 05523-222162, आपदा हेल्पलाइन 1077, तथा 9628819145 और 9621333537 जारी किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित