चंडीगढ़ , सितंबर 18 -- पंजाब के राज्यपाल एवं राज्य रेडक्रॉस के अध्यक्ष गुलाब चंद कटारिया ने नेपाल में अचानक आयी बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए शुक्रवार को यहां राजभवन से करीब 38 लाख रुपये मूल्य की राहत सामग्री की दूसरी खेप से लदे ट्रकों को रवाना किया।

राज्य रेडक्रॉस के अनुसार इससे पहले भी दो ट्रक राहत सामग्री नेपाल भेजे गये थे। राहत सामग्री अंतरराष्ट्रीय रेडक्रॉस एवं रेड क्रिसेंट सोसायटी महासंघ (आईएफआरसी) के माध्यम से नेपाल रेडक्रॉस सोसायटी के समन्वय से भेजी जा रही है।

राज्य रेडक्रॉस ने बताया कि नेपाल रेडक्रॉस की ओर से बतायी गयी जरूरतों के आधार पर राहत सामग्री तैयार की गयी है। पंजाब रेडक्रॉस की एक टीम राहत सामग्री से लदे ट्रकों के साथ नेपालगंज अंतरराष्ट्रीय सीमा तक जायेगी, जहां सामग्री आईएफआरसी और नेपाल रेडक्रॉस के प्रतिनिधियों को सौंपी जायेगी।

श्री कटारिया ने कहा कि पंजाब और पंजाब राज्य रेडक्रॉस नेपाल में बाढ़ से प्रभावित लोगों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि मानवीय सहायता भौगोलिक सीमाओं से परे है और प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों की मदद करना मानवीय दायित्व है। उन्होंने राहत अभियान में सहयोग देने वाले दानदाताओं और डोनेटकार्ट सहित अन्य संस्थाओं के योगदान की सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित