नयी दिल्ली , जून 05 -- विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत यात्रा पर आये नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल की विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता में विकास के क्षेत्र में सहयोग, लोगों के बीच परस्पर संबंधों और व्यापार तथा निवेश के साथ-साथ अन्य सभी मुद्दों पर बात होगी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को यहां सवालों के जवाब में कहा कि नेपाल के विदेश मंत्री भारत यात्रा पर आये हैं और उनकी विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता होगी। उन्होंने कहा कि नेपाल के साथ भारत के व्यापक मुद्दे हैं जैसे विकास में सहयोग, लोगों के बीच परस्पर संबंध और व्यापार तथा निवेश आदि। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रियों की मुलाकात में इन सभी विषयों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि भारत नेपाल के साथ बहुआयामी साझेदारी को और प्रगाढ़ बनाने का उत्सुक है।

प्रवक्ता से विदेश मंत्री की भारत यात्रा के एजेन्डे के साथ साथ यह पूछा गया था कि क्या भारत नेपाल के प्रधानमंत्री के सीमा विवाद पर दिये गये बयान के मुद्दे को भी उठायेगा। प्रवक्ता ने कहा कि इस बारे में भारी अपनी स्थिति स्पष्ट कर चुका है और इन मुद्दों के समाधान के लिए दोनों देशों के बीच स्थापित तंत्र है। उन्होंने कहा कि वार्ता के दौरान सभी मुद्दों पर बात होगी।

उल्लेखनीय है कि नेपाल के प्रधानमंत्री ने हाल ही में सीमा विवादों का उल्लेख करते हुए कहा है कि नेपाल ने भी भारत के कुछ क्षेत्रों पर कब्जा किया हुआ है। नेपाल ने सीमा विवादों के समाधान में चीन और ब्रिटेन को शामिल किये जाने का भी सुझाव दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित