काठमांडू , फरवरी 23 -- नेपाल के धादिंग में रविवार देर रात एक बस के त्रिशूली नदी में गिर जाने से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गयी, जिसमें एक ब्रिटिश नागरिक भी शामिल है। नेपाल के राष्ट्रीय अखबार काठमांडू पोस्ट ने यह जानकारी दी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धादिंग के बेनीघाट रोरंग ग्रामीण नगर पालिका के चरौंडी में हुए बस हादसे में घायल यात्रियों को इलाज के लिए काठमांडू भेजा गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पोखरा से काठमांडू जा रही बस देर रात 1:15 बजे त्रिशूली नदी में गिर गयी। पुलिस ने बताया कि हादसे में 19 लोगों की मौत हो गयी और 25 लोग घायल हैं। इनमें से 24 को आगे के इलाज के लिए काठमांडू भेजा गया है।
मरने वालों में नौ लोग नेपाल के नागरिक हैं, वहीं एक मृतक ब्रिटेन का नागरिक है जिसकी पहचान स्टुअर्ट डॉमिनिक ईथन के रूप में हुई है। फिलहाल 10 मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। एक घायल यात्री न्यूजीलैंड का नागरिक है। उसे इलाज के लिए मालेखु टीचिंग अस्पताल भेजा गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह खतरे से बाहर है और उसने काठमांडू जाने के बजाय वहीं इलाज जारी रखने का फैसला किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित