शाहजहांपुर , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र में पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक नेपाली तस्कर को एक किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर थाना रामचंद्र मिशन की टीम ने लखनऊ-बरेली हाईवे पर नेपाल के ग्राम बैरिया बिरता, थाना पौखरिया, जिला पर्सा, मदेश प्रदेश निवासी प्रभु शाह (55) को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके कब्जे से एक किलो 23 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग तीन लाख रुपये है।
पुलिस के अनुसार, प्रभु शाह वर्तमान में अपनी पुत्री के साथ बिहार के ग्राम झज्जरी, थाना इनरवा, जिला पश्चिमी चंपारण में रहता है। यह अफीम वह मोतिहारी (बिहार) से लाकर राजू पुत्र मोरसिंह, निवासी नगरिया विक्रम, थाना फरीदपुर, जनपद बरेली को देने के लिए ले जा रहा था। प्रभु शाह ने पुलिस को बताया कि इस कार्य के लिए उसे 10 हजार रुपये मिलने थे।
पुलिस ने तस्कर के खिलाफ धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित