जयपुर , अप्रैल 17 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने नेत्र चिकित्सा सेवा को आध्यात्मिक साधना बताते हुए कहा है कि समाज सेवा के क्षेत्र में नेत्र चिकित्सा के शिविर अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
श्री देवनानी शुक्रवार को अशोका फाउण्डेशन द्वारा यहां श्री नृसिंह मंदिर में आयोजित 150वें निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का शुभारम्भ किया और इस मौके यह बात कही। उन्होंने कहा कि नेत्र चिकित्सा शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद एवं निर्धन वर्ग के लोगों को निःशुल्क जांच, परामर्श एवं उपचार की सुविधा मिलती है, जो एक सराहनीय पहल है। उन्होंने श्री नृसिंह मंदिर में दर्शन और पूजा कर प्रदेश की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की।
उन्होंने कहा कि समाज में सच्चा और स्थायी परिवर्तन सरकारी नीतियों या योजनाओं से अकेले नहीं आता है बल्कि यह ऐसे निस्वार्थ सेवा-भाव, समर्पण और हर व्यक्ति के भीतर अपने कर्तव्य एवं मानवता के प्रति जागरूकता का संचार करने के सामूहिक प्रयासों से आता है। जब समाज जागरुक होकर, आगे बढ़कर सेवा का कार्य करता है, तब ही राष्ट्र सशक्त, समृद्ध और संस्कारवान बनता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित