बारां , सितम्बर 04 -- राजस्थान के बारां में भारत विकास परिषद शाखा की ओर से नेत्रदान के प्रति चलाये जा रहे जनजागरूकता अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले एक महीने में बारां में पांच नेत्रदान सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं। वहीं 25 अगस्त से आठ सितंबर तक आयोजित नेत्रदान पखवाड़े के तहत यह दूसरा नेत्रदान है। शुक्रवार को दिवंगत देवकीनंदन अग्रवाल (पंप वाले) के निधन के बाद उनके परिजनों ने नेत्रदान का निर्णय लेकर मानव सेवा की अनुकरणीय मिसाल पेश की। भारत विकास परिषद के सदस्य रवि अग्रवाल को सुबह करीब साढ़े पांच बजे नेत्रदान की जानकारी मिली, तो उन्होंने शोकाकुल परिवार को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया और तत्काल नेत्र मित्र हितेश खंडेलवाल को इसकी सूचना दी। इसके बाद शाइन इंडिया फाउंडेशन, कोटा के दल से संपर्क किया। भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम के बावजूद फाउंडेशन के डॉ. कुलवंत गौड़ कोटा से बारां पहुंचे और परिजनों की सहमति से नेत्रदान की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न करायी।
भारत विकास परिषद पदाधिकारियों का कहना है कि कम समय में लगातार हो रहे नेत्रदान समाजमें बढ़ती जागरूकता और नेत्रदान के प्रति सकारात्मक सोच का प्रमाण हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित