अलवर , जुलाई 04 -- राजस्थान में अलवर के शालीमार नगर स्थित वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग के सहायक आयुक्त ओमप्रकाश के घर हुई सनसनीखेज डकैती की घटना के बाद राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे और घटना की विस्तृत जानकारी ली।

श्री जूली ने परिवार का हालचाल जाना और पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े रिहायशी क्षेत्र में इस तरह घर में घुसकर पूरे परिवार को करीब डेढ़ घंटे तक बंधक बनाना, महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट करना, लूटपाट करना और कनपटी पर कट्टा लगाकर आतंक फैलाना बेहद गंभीर और चिंताजनक घटना है। यह राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था का भयावह और शर्मनाक चेहरा है, जिससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

श्री जूली ने बताया कि इस संबंध में अलवर पुलिस अधीक्षक से भी बातचीत करके घटना की गंभीरता से अवगत कराया गया है। उन्होंने मांग की कि वारदात में शामिल सभी अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार करके उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और ऐसा प्रतीत होता है कि उनमें कानून का कोई भय नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को गंभीरता से उठाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज बुलंद करेगी।

उल्लेखनीय है कि हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने श्री ओमप्रकाश के घर में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया था। बदमाशों ने करीब डेढ़ घंटे तक घर में उत्पात मचाया, महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट की और लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस के कई दल आरोपियों की तलाश में जुटे हुई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित