धार , सितंबर 09 -- मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं गंधवानी विधायक उमंग सिंघार ने बुधवार से अपने विधानसभा क्षेत्र में भगवान गणेश की प्रतिमाओं का वितरण शुरू किया। इस दौरान दौलतपुरा में स्कूली बच्चों से संवाद के दौरान उनकी मांग पर स्कूल के लिए बोरिंग और खेल सामग्री तत्काल स्वीकृत की गई।

गंधवानी विधायक श्री सिंघार पिछले 17 वर्षों से लगातार क्षेत्र में गणेश प्रतिमाओं का वितरण करते आ रहे हैं। इस वर्ष उन्होंने सलकनपुर से इस परंपरा की शुरुआत की। सलकनपुर में जाट धर्मशाला में पंखे लगवाने के लिए उन्होंने एक लाख 50 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की। इसके बाद दौलतपुरा पहुंचने पर स्कूली बच्चों ने उनका स्वागत किया और स्कूल भवन, पेयजल के लिए बोरिंग तथा खेलकूद सामग्री की मांग रखी। श्री सिंघार ने बच्चों की मांगों को तत्काल स्वीकार करते हुए आवश्यक स्वीकृति दी।

इसके बाद उन्होंने भूतिबावड़ी और सिंधकुवा पहुंचकर गणेश समितियों को प्रतिमाएं भेंट कीं। आगामी दो दिनों में क्षेत्र में एक हजार गणेश प्रतिमाओं का वितरण किया जाएगा।

इस अवसर पर श्री सिंघार ने कहा कि उन्होंने भगवान गणेश से प्रार्थना की है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सद्बुद्धि मिले और वे प्रदेश में युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सम्मान एवं काम, आदिवासियों को उनका अधिकार तथा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने सहित सर्वहारा वर्ग की उन्नति और प्रदेश के विकास की चिंता करें।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी, सतपाल सिंह बरनाला, राजेश पटेल, परितोष सिंह राठौड़ और प्रीति माहेश्वरी सहित अन्य लोग उपस्थित थे। जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी मनोज सिंह चौहान ने यह जानकारी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित