अगरतला , अक्टूबर 26 -- त्रिपुरा पुलिस ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जितेंद्र चौधरी के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई एक आपत्तिजनक और अपमानजनक पोस्ट की जांच शुरू कर दी है।
मुख्य विपक्षी दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने आरोप लगाया है कि फेसबुक पर श्री चौधरी की छवि धूमिल करने की नीयत से अश्लील तस्वीरें पोस्ट की गईं, जिसे लेकर पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है।
माकपा की श्रीनगर स्थानीय समिति के सचिव रंजीत भौमिक ने श्रीनगर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराकर अमित देबनाथ नाम की फेसबुक आईडी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, यह मामला तब सामने आया जब माकपा के राज्य सचिव और पोलित ब्यूरो सदस्य जितेंद्र चौधरी ने 23 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर बांग्ला भाषा में एक संदेश लिखा था। इस पोस्ट में उन्होंने तिरंगा फहराने के आरोप में युवाओं को हिरासत में लिए जाने पर सवाल उठाए थे।
श्री भौमिक का आरोप है कि उक्त फेसबुक यूजर ने श्री चौधरी की पोस्ट के कमेंट सेक्शन में दो अश्लील तस्वीरें पोस्ट कर दीं। उन्होंने कहा कि यह कृत्य नेता प्रतिपक्ष का चरित्र हनन करने और उनकी राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने के इरादे से किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित